लेह। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन आज से तीन दिवसीय लद्दाख दौरे पर रहेंगे। उपराष्ट्रपति बनने के बाद यह उनकी केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख की पहली आधिकारिक यात्रा है। इस दौरान वे लेह में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य समारोह में भाग लेंगे।
दौरे के दूसरे दिन उपराष्ट्रपति लुकुंग गांव का भ्रमण करेंगे, जहां वे स्थानीय स्वयं सहायता समूहों (SHGs) से संवाद करेंगे। इसके साथ ही वे वाइब्रेंट विलेजेज कार्यक्रम के तहत सीमावर्ती क्षेत्रों में चल रही विकास परियोजनाओं का भी निरीक्षण करेंगे।
अपने दौरे के दौरान श्री राधाकृष्णन युद्ध स्मारक पहुंचकर देश के वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि भी अर्पित करेंगे।
21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उपराष्ट्रपति लेह में आयोजित विशेष योग कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा, सशस्त्र बलों के जवान तथा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। योग के माध्यम से समग्र स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और बेहतर जीवनशैली का संदेश दिया जाएगा।