बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र के लाजपत नगर रोड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक बिजली के तारों में आग लग गई। देखते ही देखते तारों से उठती लपटों और चिंगारियों ने आसपास के लोगों में दहशत फैला दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के दौरान सड़क किनारे खड़े कई वाहन इसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। घटना के चलते कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और विद्युत आपूर्ति बंद कर आग पर काबू पाया। समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट या ओवरलोडिंग माना जा रहा है। हालांकि, विभागीय अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने बिजली के जर्जर तारों को बदलने और नियमित रखरखाव की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।