​दियोरिया कला PILIBHIT। बरखेड़ा कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव रामनगर जगतपुर में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ संदिग्ध परिस्थितियों में घायल हुए एक युवक की इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गई। घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के भाई ने गांव के ही दो लोगों पर अपने भाई की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।


​मिली जानकारी के अनुसार, रामनगर जगतपुर निवासी नत्थू लाल (38 वर्ष) पुत्र मेवाराम मौर्य गुरुवार शाम को अपने घर से दोस्त राकेश गुप्ता को खाना खाने के लिए बुलाने उसके घर गया था। बताया जा रहा है कि राकेश गुप्ता की पत्नी इन दिनों अपने मायके गई हुई थी, जिससे वह घर पर अकेला ही रह रहा था। दोस्त के घर जाने के बाद नत्थू लाल देर रात करीब दो बजे बेहद गंभीर और घायल अवस्था में वापस अपने घर लौटा।


​शुक्रवार सुबह जब परिजनों ने उसकी बिगड़ती हालत देखी, तो वे आनन-फानन में उसे इलाज के लिए बरखेड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए। वहाँ डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल पीलीभीत जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान नत्थू लाल ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही मृतक के घर में चीख-पुकार मच गई।
​मृतक के भाई कृष्ण पाल ने आरोप लगाया है कि उसके भाई नत्थू लाल की गांव के ही दो लोगों ने मिलकर हत्या की है। हालांकि, घटना को लेकर पीड़ित परिवार की ओर से अभी तक पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।


​क्या कहते हैं थानाध्यक्ष:
इस पूरे मामले पर जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष गौतम सिंह ने बताया कि रामनगर जगतपुर में एक युवक की मौत होने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभी तक मृतक के परिवार की तरफ से कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। जैसे ही पुलिस को तहरीर मिलती है, मामले में केस दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *