सितारगंज। आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में ब्लॉक कांग्रेस, यूथ कांग्रेस और महिला कांग्रेस का विस्तार करते हुए कई कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही दर्जनों लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी का दामन थामा।
बृहस्पतिवार को शक्तिफार्म के टैगोर नगर स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण में आयोजित संगठन विस्तार सभा में कांग्रेस नेताओं ने संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया। इस दौरान नवमनोनीत पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र सौंपकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
पूर्व विधायक नारायण पाल ने कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता की आवाज उठाने वाली पार्टी रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और बूथ-बूथ तक पहुंचकर जनता के बीच काम करेंगे।
जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा ने कहा कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं, महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कांग्रेस से जुड़ना पार्टी के प्रति बढ़ते जनविश्वास का प्रमाण है। उनका कहना था कि कांग्रेस का उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता के मुद्दों की प्रभावी लड़ाई लड़ना है। संगठन जितना मजबूत होगा, जनता की आवाज उतनी ही मजबूती से उठाई जा सकेगी।