संतकबीरनगर। जिले के महुली थाना क्षेत्र में एक युवक अपनी शादी की जिद को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। जिसको देखने के लिए ग्रामीणों का तांता लग गया। लोगों ने युवक को बहुत समझाने की कोशिश की, किन्तु दीवाना शादी की जिद ही अड़ा रहा। यह हाई वोल्टेज ड्रामा करीब डेढ़ घंटे चला, तब तक पुलिस और स्थानीय लोगों की सांसे अटकी रही।

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिलेे के थाना महुली इलाके के एक गांव में एक युवक काफी समय से अपनी शादी कराने की मांग परिजनों से कर रहा था। परिवार वालों का कोई साकारात्मक रूख न देखकर युवक शादी की जिद करने लगा। फिर भी जब परिजनों ने युवक की सुध नहीं ली तो वह नाराज हो गया और गांव के ही मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़े युवक को देखते ही मौके पर ग्रामीण की भीड़ लग गई। पहले तो लोगों ने युवक को समझाने की कोशिश की लेकिन युवक नहीं माना। सूचना पर युवक के परिवार के लोग और पुलिस भी मौके पर पहुंची। हालात देखकर सभी दंग रह गए। सबने युवक को काफी समझाया परंतु युवक नीचे उतरने को तैयार ही नहीं हुआ। किन्तु पुलिस और परिजनों ने घंटों की मशक्कत के बाद जब युवक को उसकी ‘शादी कराने का ठोस आश्वासन’ दिया, तब कहीं जाकर वह नीचे उतरने को तैयार हुआ। युवक के सुरक्षित नीचे उतरने पर प्रशासन और परिवार ने राहत की सांस ली।

स्थानीय सूत्रों और परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, युवक की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं बताई जा रही है। संभवतः इसी कारण उसने यह कदम उठाया। पुलिस फिलहाल इस घटना से संबंधित आगे की कार्रवाई कर रही है और युवक को आवश्यक परामर्श दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *