पीलीभीत। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय, मॉडल कैरियर सेंटर पीलीभीत तथा गन्ना कृषक स्नातकोत्तर महाविद्यालय पूरनपुर के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। शासन के मिशन रोजगार अभियान के तहत आयोजित इस मेले का उद्घाटन पूरनपुर विधायक बाबू राम पासवान, प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, जिला सेवायोजन अधिकारी विवेक शुक्ला तथा अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
​महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार शर्मा ने बताया कि परिसर में आयोजित यह पांचवां रोजगार मेला है। उन्होंने महाविद्यालय की प्रगति की चर्चा करते हुए कहा कि यह उत्तर प्रदेश का पहला डिजिटल कॉन्सेप्ट आधारित संस्थान है, जिसके लिए नाईलेट के साथ एमओयू साझा किया गया है। उन्होंने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आशीर्वाद से कृषि संकाय भवन निर्माण हेतु दो करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है और निर्माण कार्य जारी है। आज के मेले में कुल 927 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया, जिसमें से 236 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न कंपनियों में हुआ।


​मुख्य अतिथि विधायक बाबू राम पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि रोजगार मेले का मूल उद्देश्य युवाओं को उज्जवल भविष्य की ओर अग्रसर करना है। उन्होंने बताया कि सांसद जितिन प्रसाद के सहयोग से महाविद्यालय में 100 कंप्यूटर लगाने हेतु धनराशि स्वीकृत हो चुकी है। मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र कुमार श्रीवास ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि ज्ञान को कौशल में बदलने की आवश्यकता है। मेले में टाटा मोटर्स, श्रीराम पिस्टन, आई फोन, अशोक लीलैंड, बजाज इंश्योरेंस और टीवीएस जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों ने मशीन ऑपरेटर व मार्केटिंग जैसे पदों पर नियुक्तियां कीं। चयनित अभ्यर्थियों को विधायक द्वारा नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
​इस अवसर पर डॉ. अरविंद दीक्षित, डॉ. पिन्दर सिंह, डॉ. रेखा सिंह, डॉ. रंजना सिंह, प्रदीप शुक्ला, जितेंद्र कुमार शर्मा सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षक और भारी संख्या में अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *