​पीलीभीत। पीलीभीत से मथुरा जा रही एक पैसेंजर ट्रेन के लोको पायलट (ड्राइवर) की सतर्कता से रेलवे ट्रैक पर एक युवक का सिर कटा शव बरामद हुआ है। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6:00 बजे जब ट्रेन मथुरा की ओर जा रही थी, तभी बालपुर के पास बने ओवरब्रिज के नजदीक ड्राइवर को पटरी पर एक शव पड़ा हुआ दिखाई दिया। ड्राइवर ने तत्काल इसकी सूचना ललौरीखेड़ा स्टेशन प्रशासन को दी। स्टेशन मास्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जहानाबाद थाना अध्यक्ष जयशंकर कोतवाल को घटना से अवगत कराया। सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
​घटनास्थल का नजारा बेहद वीभत्स था। मृतक का सिर धड़ से अलग था और उसके बदन पर एक भी कपड़ा नहीं था। पुलिस को तलाशी के दौरान शव के पास से कोई भी ऐसा दस्तावेज या सबूत (रोड प्रूफ) नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके। हालांकि, मृतक के शरीर पर कुछ विशिष्ट निशान पाए गए हैं, जो उसकी शिनाख्त में मददगार साबित हो सकते हैं। मृतक के एक हाथ पर त्रिशूल का चित्र बना हुआ था, जबकि दूसरे हाथ पर ‘मां’ गुदा हुआ था। इसके अलावा घटनास्थल से कुछ दूरी पर युवक के कपड़े और एक चप्पल भी बरामद की गई है।
​थाना अध्यक्ष जयशंकर कोतवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से कटने का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी कोणों से मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने आसपास के ग्रामीणों को बुलाकर शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पुलिस द्वारा आसपास के थानों और सोशल मीडिया के माध्यम से मृतक की शिनाख्त के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *