​पीलीभीत। ‘एक जिला एक नदी’ योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायत गुलड़िया भूपसिंह में स्थित गोमती नदी के ऐतिहासिक इकोत्तरनाथ घाट पर एक विशाल पुनरुद्धार और स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूरनपुर के विधायक बाबूराम पासवान और जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और समाजसेवियों ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर इकोत्तरनाथ मंदिर परिसर में वृहद पौधारोपण किया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसके बाद गोमती घाट पर स्वच्छता अभियान का शुभारंभ किया गया। इस पुनीत कार्य में स्थानीय जनता ने न केवल शारीरिक रूप से श्रमदान किया, बल्कि नदी की अविरलता के लिए आर्थिक सहयोग की भी झड़ी लगा दी, जिसके तहत महज आधे घंटे के भीतर दानदाताओं द्वारा 11 लाख रुपये की धनराशि देने की ऐतिहासिक घोषणा की गई।
​कार्यक्रम स्थल पर जनसेवा के उद्देश्य से विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा स्टाल लगाए गए, जहां स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आमजन की आवश्यक चिकित्सीय जांच कर उन्हें मुफ्त दवाइयां वितरित कीं, वहीं अन्य विभागों ने जनसमस्याओं को सुनकर मौके पर ही उनका निराकरण किया और सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक बाबूराम पासवान ने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में इस पौधारोपण, स्वच्छता अभियान और भव्य भंडारे का आयोजन किया गया है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की ओर से गोमती नदी के लिए पर्याप्त बजट मिल रहा है, जिससे पीलीभीत में गोमती को स्वच्छ बनाने के साथ-साथ इसके उद्गम स्थल को एक बेहतरीन पर्यटक स्थल के रूप में विकसित करने में बड़ी मदद मिल रही है। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों से एकजुट होकर गोमती की सेवा में जुटने का आह्वान किया।


​जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने गोमती पुनरुद्धार अभियान के एक और महत्वपूर्ण पड़ाव पर पहुंचने पर प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से नदी के संरक्षण के प्रति आम जनता में जागरूकता आ रही है, उसे देखकर यह निश्चित है कि हमारा यह साझा प्रयास अवश्य कामयाब होगा। उन्होंने सभी श्रमदानियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नदी किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि पूरे समाज की धरोहर है, इसलिए सामूहिक प्रयासों से ही इसे पुनर्जीवित किया जा सकता है। इस दौरान घुंघचाई के पूर्व प्रधान वीरेंद्र प्रताप सिंह ध्रुव ने सबसे पहले 51,000 रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा कर अभियान की गति बढ़ाई। इसके बाद पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सतीश चंद्र मिश्रा और पूरनपुर तहसील प्रशासन ने 1-1 लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं, ब्लॉक प्रमुख पूरनपुर के प्रतिनिधि अपूर्व सिंह ने 1,51,000 रुपये, भाजपा नेता प्रफुल्ल मिश्रा ने 11,000 रुपये, घुंघचाई प्रशासक सुनील पासवान ने 25,000 रुपये तथा ग्राम पंचायत सचिव मंजुल मिश्रा, टांडा प्रशासक धर्मपाल वर्मा, प्रधान संघ अध्यक्ष नरेश पाल सिंह व वीरेंद्र सिंह ने 51,000-51,000 रुपये की राशि देने की घोषणा की।
​सफल आयोजन के बाद पूरनपुर तहसील और ब्लॉक प्रशासन की ओर से इकोत्तरनाथ मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सभी गोमती भक्तों, शिवभक्तों और श्रमदानियों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में विकास और पर्यावरण से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई। उप प्रभागीय वनाधिकारी रमेश सिंह चौहान ने क्षेत्र में प्रस्तावित ‘लैपर्ड सफारी’ की स्थापना के बारे में अत्यंत उत्साहवर्धक जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री आगामी वन्य जीव सप्ताह के अवसर पर इस सफारी का शिलान्यास करेंगे, जो वर्षभर खुली रहेगी और इससे जिले में पर्यटन को एक नई ऊंचाई मिलेगी। इसके अतिरिक्त, जिला कृषि अधिकारी ने किसानों को आश्वस्त किया कि क्षेत्र में खाद की कोई किल्लत नहीं होने दी जाएगी और मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्रा ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया। इस गौरवमयी अवसर पर उप जिलाधिकारी अजीत प्रताप सिंह, पूर्व वनाधिकारी राजाराम शर्मा, राममूर्ति सिंह, लज्जा मिश्रा, निर्भय सिंह, लक्ष्मण प्रसाद वर्मा, सुंदरलाल, संजीव त्रिवेदी, दीपिका चतुर्वेदी, मिलाप सिंह और जितेंद्र सिंह सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक व अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi