पीलीभीत। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित विभिन्न कार्यालयों और अनुभागों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पटल सहायकों को पत्रावलियों के रखरखाव में पारदर्शिता बरतने और जनहित के कार्यों को समय सीमा के भीतर निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए।
​निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने फौजदारी अभिलेखागार, राजस्व सहायक पटल, सामान्य अभिलेखागार, डी.एल.आर.सी., न्याय सहायक और वेतन लिपिक अनुभाग सहित कई महत्वपूर्ण पटलों की पत्रावलियों की गहन जांच की। राजस्व पटल पर उन्होंने गार्ड पत्रावली, देय रजिस्टर और तैनाती अभिलेखों का अवलोकन किया। वहीं, न्याय सहायक पटल के निरीक्षण के दौरान आकस्मिक रजिस्टर, चरित्र हैसियत एवं व्यक्तिगत पत्रावलियों को देखते हुए संबंधित पटल सहायकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
​नियमित अपडेट करें रजिस्टर, सफाई का रखें ध्यान
जिलाधिकारी ने शस्त्र कार्यालय के निरीक्षण के दौरान लाइसेंस सूची, विरासत रजिस्टर और निरीक्षण पंजिका की जांच की। उन्होंने स्पष्ट लहजे में कहा कि पत्रावलियों के साथ-साथ उनसे संबंधित प्रत्येक रजिस्टर को नियमित रूप से अपडेट किया जाए। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि कोई भी पत्रावली या चरित्र प्रमाण पत्र लंबित न रहे और समस्त पटल सहायक अपनी नेम प्लेट लगाकर बैठें। साथ ही अभिलेखों को व्यवस्थित ढंग से रखने और कार्यालय में साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी।
​इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), नगर मजिस्ट्रेट और उप जिलाधिकारी (न्यायिक) सहित सभी संबंधित पटल सहायक व कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *