बिलसंडा (पीलीभीत)। थाना बिलसंडा क्षेत्र में मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने अपनी भाभी पर मूसर से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल महिला को परिजन और पुलिस की मदद से सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, यह घटना बिलसंडा कस्बे के जाटवपुरा मोहल्ले की बताई जा रही है। पीड़िता रिंकी देवी पत्नी सत्य प्रकाश ने आरोप लगाया कि उसकी अपने छोटे देवर रोहित सागर से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी दौरान रोहित ने गुस्से में आकर घर में रखे मूसर से रिंकी देवी के ऊपर हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गई।

घटना के बाद पीड़िता थाने पहुंची और पुलिस को मामले की सूचना दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घायल महिला का बिलसंडा के सरकारी अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया। पुलिसकर्मी सुनील कुमार के अनुसार डॉक्टरों ने महिला की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *