रुद्रपुर। बुद्ववार को विश्व कैंसर दिवस के उपलक्ष्य में जिला अस्पताल रुद्रपुर में एक विशेष जागरूकता संगोष्ठी आयोजित की गई जिसमें स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और न्यायिक सेवा के प्रतिनिधियों ने कैंसर के प्रति समाज में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी(सीएमओ) डॉ0 के.के.अग्रवाल ने कहा बदलती जीवनशैली और प्रदूषण के कारण कैंसर के मामले बढ़ रहे हैं यदि हम तम्बाकू, शराब और जंक फूड का त्याग कर दें तो कैंसर के जोखिम को 40% तक कम किया जा सकता है, विशेषतः उनके द्वारा मुख कैंसर के प्रति आम-जनमानस को सचेत रहने की सलाह दी गयी, भारत में मुख कैंसर महामारी की तरह फैल रहा है, तम्बाकू उत्पाद जिसका प्रमुख कारण है साथ ही उन्होंने जिला चिकित्सालय में स्तन कैंसर हेतु उपलब्ध मेमोग्राफी का आवश्यक प्रचार-प्रसार पर बल देने पर जोर दिया गया जिससे समय से उक्त रोग की पहचान हो सके।प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक (पीएमएस)े डॉ.आर०के०सिन्हो ने अस्पताल की सुविधाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि समय पर स्क्रीनिंग ही कैंसर से बचने का सबसे प्रभावी तरीका है जिला अस्पताल में प्रारंभिक लक्षणों की जांच हेतु सभी आवश्यक परामर्श उपलब्ध हैं। योगेन्द्र कुमार सागर (सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण) ने स्वास्थ्य अधिकारों के कानूनी पहलुओं पर जानकारी सांझा करते हुए कहा कि सरकार द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए मुफ्त इलाज और सहायता की कई योजनाएं संचालित हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि कोई भी पात्र व्यक्ति कानूनी या आर्थिक बाधाओं के कारण उपचार से वंचित न रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को कैंसर के शुरुआती लक्षणों, जैसे शरीर में असामान्य गांठ या पुराने घावों के प्रति सचेत रहने की सलाह दी गई। डॉक्टरों द्वारा स्वास्थ्य शिविर में मरीजों की प्राथमिक जांच की गई।अंत में सभी उपस्थित जनों को नशामुक्त जीवन जीने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर एसीएमओ डॉ०हरेन्द्र मलिक, जिला अस्पताल के डॉ०मधु माथुर, डॉ०अंकुर धवन, डॉ०सुनील उपाध्याय, डॉ० ऋचा पाण्डेय, सत्यपाल सिंह, हिमांशु, छवि अग्रवाल, विनय कुमार, प्रदीप मेहर, उमेश पाल एवं अन्य स्टाफ और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।