सितारगंज। चोरगलिया बाईपास मार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। हादसे में एक महिला ट्रक की चपेट में आ गई। ट्रक चपेट में आयी महिला को घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया। जिससे सड़क खून से लाल और महिला की मौत हो गई।

खबर के मुताबिक बुधवार को चिंतिमझरा वार्ड निवासी बानो बेगम (65) पत्नी नबी शाह उप जिला अस्पताल, सितारगंज से दवा लेकर अपने रिश्तेदार अफसार अली के साथ स्कूटी से घर जा रही थी। तभी रास्ते में होटल श्रीहरि के पास पीछे से आए एचपी गैंस के वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इससे स्कूटी अनियंत्रित हो गई और पीछे बैठी महिला वाहन के चपेट में आ गई। जबकि, स्कूटी चला रहा रिश्तेदार छिंटक कर दूसरी ओर गिर गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन चालक महिला को घसीटते हुए कई मीटर आगे ले गया। इससे महिला का शरीर पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और सड़क खून से लाल हो गई। हादसे का भीषण अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मृतका के शव को हाइड्रा की मदद से बामुश्किल बाहर निकाला जा सका। यह दृश्य जिसने भी देखा उसने आंखे मूंद ली। वहीं, स्कूटी चालक अफसर अली को हल्की मामूली चोटें आई है।

इधर, घटना की सूचना फैलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। घटना की भयावहता ने हर किसी को सन्न कर दिया। वहीं, हादसे के बाद से लोगों में आक्रोश का माहौल है। लोगों ने लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए खटीमा भेज दिया है। साथ ही, वाहन को भी पकड़ लिया है।