छत्तीसगढ़ के पंडरिया विधानसभा की विधायक भावना बोहरा ने 64 आदिवासी परिवारों की घर वापसी कराई। जनजातीय गौरव सम्मेलन एवं अभिनंदन समारोह में विधायक भावना बोहरा ने घर वापसी करने वाले सभी परिवारों के सदस्यों के पैर पखारे और उन्हें तिलक करते हुए उनका हार्दिक अभिनंदन किया। विधायक ने वनांचल इलाके में आपातकालीन सेवा के लिए विधायक निधि से दो बाइक एमबुलेंस का शुभारंभ भी किया। इस बाइक एमबुलेंस से छीरपानी एवं कुई-कुकदुर सहित आस पास के दर्जनों वनांचल, दूरस्थ एवं दुर्गम गांव को इसका लाभ मिलेगा। आपातकालीन समय मे त्वरित स्वास्थ्य सुविधा व अस्पताल तक पहुंच सुनिश्चित होगी जिससे सैकड़ों परिवार को त्वरित उपचार की सुविधा मिलेगी।
इस मौके पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि आदिवासी समाज भारत की प्राचीन सांस्कृतिक परंपराओं का संवाहक रहा है। कुछ तत्व भोले भोले आदिवासी भाई बहनों को तरह तरह के प्रलोभन देकर उन्हें गुमराह कर उनका धर्मांतरण कराने में लगे हैं। किन्तु अब आदिवासी समाज स्वयं की अस्मिता और विरासत को पहचान रहा है और अब वह किसी के बहकावे में नहीं आने वाला।