सितारगंज। 57वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) सितारगंज द्वारा वाइब्रेंट ग्राम देवीपुरा में आयोजित 15 दिवसीय मोटर कार ड्राइविंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का मंगलवार को समापन हो गया। कमांडेंट श्री गंगा सिंह उदावत के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं में कौशल विकास और क्षमता निर्माण के साथ सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा वाहन संचालन, सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों, वाहन की प्राथमिक जांच एवं रखरखाव तथा जिम्मेदार ड्राइविंग से जुड़ी व्यावहारिक और तकनीकी जानकारी दी गई। समापन समारोह में प्रशिक्षणार्थियों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने पर बधाई देते हुए उन्हें अपने दैनिक जीवन और कार्यक्षेत्र में अर्जित ज्ञान का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।

कमांडेंट श्री गंगा सिंह उदावत ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन प्रत्येक चालक की व्यक्तिगत जिम्मेदारी होने के साथ समाज के प्रति भी एक महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से सुरक्षित और अनुशासित वाहन संचालन का संकल्प लेने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए तथा प्रशिक्षण को सफल बनाने में योगदान देने वाले प्रशिक्षकों, अधिकारियों और कार्मिकों का सम्मानपूर्वक आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में उप कमांडेंट श्री अनिल कुमार यादव, निरीक्षक उछ्प सिंह, उपनिरीक्षक विकास कुमार, वार्ड सदस्या श्रीमती गीता, महिला जनजाति सेवा समिति की श्रीमती गंगा राणा, प्रशिक्षक श्री सुरेश सिंह मौर्य, श्री विवेक प्रताप सिंह, प्रीति राणा सहित एसएसबी के अधिकारी, कार्मिक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
