रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में गदरपुर पुलिस ने पुरानी रंजिश में फायरिंग की घटना का खुलासा करते हुए चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध पिस्टल, तमंचा, जिंदा कारतूस, तीन स्कॉर्पियो वाहन और अन्य सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
एसएसपी अजय गणपति ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि 27 जुलाई को सहजपाल सिंह पुत्र गुरपाल सिंह निवासी ग्राम बेरिया दौलत की तहरीर पर गदरपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार जुलाई माह में बाजपुर क्षेत्र में दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट की पुरानी रंजिश को लेकर 26 जुलाई की शाम करीब 5:50 बजे सरदार नगर अंडरपास कट के पास आरोपियों ने वादी और उसके साथियों पर जानलेवा फायरिंग की थी। इस घटना में गुरशरण उप्पल उर्फ गगन के पैर में गोली लगी थी, जबकि वादी और उसके साथी सौरभ बाबा के साथ भी मारपीट की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली गदरपुर के प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह बृजवाल के नेतृत्व में पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 3 अगस्त को हरिपुरा जलाशय के पास गूलरभोज क्षेत्र से चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजवीर सिंह विर्क पुत्र मांगा सिंह निवासी मुकंदपुर डेरा, आकाशदीप सिंह पुत्र मंजीत सिंह निवासी सरोवर नगर, प्रशांत सिंह उर्फ मनी उर्फ पिद्दी पुत्र अनिल सिंह निवासी वार्ड नंबर-2 गदरपुर तथा सौरभ कुमार पुत्र नेक राम निवासी शिवपुरी, थाना केलाखेड़ा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध 0.32 बोर पिस्टल, एक 315 बोर तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक बांस का डंडा तथा घटना में प्रयुक्त दो स्कॉर्पियो वाहन (यूके06बीजे-5050 एवं यूके06बीजे-8585) और एक बिना नंबर की स्कॉर्पियो बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आयुध अधिनियम सहित अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की गई है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र सिंह बृजवाल, उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा, उपनिरीक्षक संजय सिंह बोरा, कांस्टेबल मोहन भट्ट, राजेंद्र सिंह बिष्ट और मोहन सिंह बोरा शामिल रहे।