सितारगंज (ऊधमसिंह नगर)। उत्तराखंड में नशे के बढ़ते कारोबार और ड्रग्स तस्करों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत शक्तिफार्म पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने सिरसा रोड पर चेकिंग के दौरान एक तस्कर को स्मैक/हेरोइन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
वनशक्ति मंदिर के पास रात्रि गश्त में हत्थे चढ़ा तस्कर
शक्तिफार्म चौकी प्रभारी (एसआई) जगदीश तिवारी ने बताया कि शुक्रवार को क्षेत्र में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस टीम रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान सिरसा रोड पर बाराकोली रेंज के जंगल में स्थित वनशक्ति मंदिर के पास पुलिस को एक संदिग्ध बाइक सवार दिखाई दिया। पुलिस टीम ने जब उसे रोककर उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से 4.85 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज, बाइक भी सीज
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तस्करी में इस्तेमाल की जा रही आरोपी की मोटरसाइकिल को सीज कर दिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान 27 वर्षीय सूरज राय पुत्र निवासी गुरुग्राम शक्तिफार्म के रूप में हुई है। शक्तिफार्म पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी गंभीर धाराओं (एनडीपीएस एक्ट) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब आरोपी को स्थानीय न्यायालय में पेश करने की अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।