सितारगंज। बाराकोली रेंज क्षेत्र में वन विभाग ने अवैध लकड़ी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरामशीन से 119 नग यूकेलिप्टिस प्रकाष्ठ बरामद किया है। वन विभाग की टीम ने लकड़ी को जब्त कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रभागीय वनाधिकारी के निर्देश पर, बृहस्पतिवार को एसओजी और बाराकोली रेंज की टीम ने गांव बरुआबाग, सिसौना स्थित मैसर्स जायसवाल टिम्बर इंडस्ट्रीज में छापेमारी की।
इस दौरान विभाग ने आरामशीन परिसर से बड़ी मात्रा में यूकेलिप्टिस प्रकाष्ठ बरामद की। वहीं, टीम ने जब आरामशीन संचालक से लकड़ी से संबंधित अभिलेख और परिवहन प्रपत्र मांगे तो वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

साथ ही, लकड़ी को लाने के स्रोत के संबंध में भी संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाया। जिसके बाद टीम ने मौके पर लकड़ी की नपाई की। जिसमें कुल 119 नग यूकेलिप्टिस प्रकाष्ठ पाए गए। वन विभाग ने समस्त प्रकाष्ठ को जब्त कर अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए आरामशीन संचालक के सुपुर्द कर दिया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। संयुक्त जांच टीम में वन दरोगा धन सिंह अधिकारी, दिनेश चंद्र पंत, प्रकाश चंद्र तिवारी, कृष्ण चंद्र शर्मा, नवीन सिंह, चंदन बेदी, नंदकिशोर, ललित जोशी, जगदीश पंत शामिल रहें।