रुद्रपुर। विधायक शिव अरोरा ने रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर निर्माण कार्य और स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2026 से मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू होने की पूरी उम्मीद है। विधायक ने बताया कि नेशनल मेडिकल काउंसिल (एनएमसी) की निरीक्षण टीम ने मेडिकल कॉलेज का दौरा कर व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाया है और रिपोर्ट सकारात्मक रही है।

विधायक ने कहा कि उनके चुनावी संकल्पों में शामिल मेडिकल कॉलेज का सपना अब साकार होने जा रहा है। उन्होंने बताया कि 2026 की नीट काउंसलिंग में रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज की 100 एमबीबीएस सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि उनके प्रस्ताव पर मेडिकल कॉलेज में करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से 1.5 टेस्ला एमआरआई मशीन स्थापित की जा रही है, जिससे मरीजों को निजी अस्पतालों में महंगे एमआरआई कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथ ही आधुनिक डायग्नोस्टिक लैब भी जल्द शुरू होगी।

शिव अरोरा ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में 7 प्रोफेसर, 5 एसोसिएट प्रोफेसर, 6 असिस्टेंट प्रोफेसर, 5 सीनियर रेजिडेंट और 19 जूनियर रेजिडेंट की नियुक्ति हो चुकी है तथा निर्माण कार्य लगभग 90 प्रतिशत पूरा हो गया है।

उन्होंने मेडिकल कॉलेज परियोजना के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल का आभार जताते हुए कहा कि चार वर्षों के लगातार प्रयासों का परिणाम अब सामने आने वाला है। निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. ऊषा रावत सहित चिकित्सक और भाजपा पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi