सितारगंज (ऊधम सिंह नगर)। शुक्रवार को खण्ड शिक्षा अधिकारी कार्यालय सितारगंज में उत्तराखंड बोर्ड परीक्षा सत्र 2026 के मेधावी छात्र-छात्राओं के लिए एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उन छात्र-छात्राओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जिन्होंने राज्य की मेरिट सूची में 25वीं रैंक तक स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

सम्मान पाकर खिले मेधावियों के चेहरे
समारोह में ब्लॉक सितारगंज के विभिन्न विद्यालयों से आए होनहार विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिह्न एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और गुरुजनों के सही मार्गदर्शन का सुखद परिणाम है।

निरंतर परिश्रम का दिया संदेश
राजकीय इंटर कॉलेज की प्रधानाचार्या अर्चना पाठक एवं मुख्य प्रशासनिक अधिकारी सुनील कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल छात्रों के लिए, बल्कि सम्पूर्ण सितारगंज क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने और निरंतर लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।

मौजूदगी-
मोहित तिवारी के कुशल संचालन में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में देवकी बिष्ट, ऊधम सिंह, प्रियंका सिंह, दीपिका गुणवंत, राकेश सुमन, भुवन भट्ट, विजय आर्य, हिमांक कटियार, महेश राणा और कुलवंत सिंह सहित कई शिक्षक एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। अभिभावकों ने शिक्षा विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों का मनोबल बढ़ता है।


(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi