सितारगंज। उत्तराखंड की सितारगंज कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की 8 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। यह गिरोह उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से बाइक चोरी कर उन्हें सरहद पार नेपाल में ऊंचे दामों पर बेचता था।
चेकिंग के दौरान धरे गए शातिर चोर
क्षेत्र में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। बृहस्पतिवार रात को पुलिस को सिडकुल क्षेत्र में चोरों के छिपे होने की सटीक सूचना मिली। घेराबंदी करते हुए पुलिस ने सूखी नदी पुलिया के पास से करन सिकदार (निवासी पुलभट्टा) और समर सिंह (निवासी शक्तिफार्म) को दबोच लिया। इनके पास से शक्तिफार्म के चड़क मेले से चोरी हुई बुलेट बाइक भी बरामद हुई।
नेपाल में ‘रेट कार्ड’ बनाकर बेचते थे बाइक
पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि वे अपने फरार साथी अमरजीत सिंह के साथ मिलकर पिछले एक साल में करीब 25 बाइकें नेपाल में बेच चुके हैं। गिरोह का एक फिक्स ‘रेट कार्ड’ था:
- बुलेट: 30 हजार रुपये
- अपाचे: 18 हजार रुपये
- स्प्लेंडर: 15 हजार रुपये
- स्कूटी: 20 हजार रुपये
इन क्षेत्रों में था गिरोह का आतंक
यह शातिर गिरोह सितारगंज के अलावा किच्छा, रुद्रपुर, बाजपुर और उत्तर प्रदेश के बहेड़ी व बरेली क्षेत्रों में सक्रिय था। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर बुलेट, अपाचे, प्लेटिना, डिस्कवर और स्प्लेंडर समेत कुल 8 वाहन बरामद किए हैं। इनमें से कई वाहनों की एफआईआर बरेली और बहेड़ी थानों में पहले से दर्ज है।
टीम को मिली शाबाशी, फरार की तलाश जारी
सीओ बीएस धौनी ने बताया कि गिरोह का मुख्य सदस्य अमरजीत सिंह अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। इस सफल ऑपरेशन में प्रभारी निरीक्षक सुंदरम शर्मा, एसएसआई राजेंद्र प्रसाद और शक्तिफार्म चौकी प्रभारी जगदीश तिवारी समेत पूरी टीम की अहम भूमिका रही।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)