सितारगंज। छह जुलाई से लापता 13 वर्षीय किशोरी की सकुशल बरामदगी की मांग को लेकर भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी-लेनिनवादी) यानी भाकपा (माले) ने 10 सितंबर को शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। बैठक में किशोरी की तलाश में तेजी लाने और मामले की गंभीरता से जांच करने की मांग उठाई गई।
भाकपा (माले) की नेता अनीता अन्ना ने कहा कि सितारगंज क्षेत्र में बालिकाओं के लापता होने की घटनाओं को लेकर गंभीरता से कार्रवाई किए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कुछ मामलों में पुलिस कार्रवाई कर रही है, जबकि कई मामलों में पुलिस जांच को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
उन्होंने आशंका जताई कि क्षेत्र में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं के पीछे किसी संगठित गिरोह की भूमिका हो सकती है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर लापता किशोरी को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने की मांग की।
बताया गया कि 6 जुलाई को सितारगंज निवासी 13 वर्षीय किशोरी लापता हो गई थी। उसकी मां ने अगले दिन यानी 7 जुलाई को कोतवाली में किशोरी के लापता होने की सूचना दर्ज कराई थी। बैठक में बताया गया कि घटना को करीब दो माह बीतने के बावजूद किशोरी का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है।
बताया गया कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में नगर के एक रेस्टोरेंट में काम करने वाले करीब 30 वर्षीय युवक का नाम सामने आया था। हालांकि, किशोरी के लापता होने के मामले में उसकी भूमिका को लेकर पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई का इंतजार है।
बैठक में भाकपा (माले) कार्यकर्ताओं ने कहा कि किशोरी की बरामदगी तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। उन्होंने 10 सितंबर को प्रस्तावित प्रदर्शन को शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से आयोजित करने की बात कही।
प्रदर्शन के लिए 15 सदस्यीय टीम गठित
प्रदर्शन की तैयारियों को लेकर भाकपा (माले) ने 15 सदस्यीय टीम का गठन किया है। सर्वसम्मति से विष्णु पदसाना को टीम का अध्यक्ष और अनीता अन्ना को सचिव नामित किया गया है।
टीम में रिजवान, सलमान, धीरज कुमार, फिरोज अंसारी, मोहम्मद हुसैन, इस्लाम नवी, जुनैद सिद्दीकी, साहिल खान, फैज खान, विशाल, अनस अंसारी, मोहम्मद, शानू और धर्मेंद्र को शामिल किया गया है।
बैठक में धीरज कुमार, लक्ष्मी, शबीना, राजू, बादल, आविद अली, रहोर खान, फिरोज, अनस, फैज खान, शकील खान, फिरदौस खातून, इस्लाम नवी, विष्णु पदसाना, जुनैद सिद्दीकी, सोनू, फरहान, सतीक अहमद और मोहनी देवी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।