पीलीभीत। ’नेकी की दीवार’ एनजीओ के समन्वयक गुरमेल सिंह के मार्गदर्शन में 30 दिवसीय समर इंटर्नशिप कर रहे इन्वर्टिस यूनिवर्सिटी, बरेली के 11 छात्र-छात्राओं ने आज क्षेत्राधिकारी (सीओ) पीलीभीत आकृति पटेल और टीआई श्री राघवेन्द्र सिंह चौहान के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करना था। चर्चा के दौरान शनिवार और रविवार को आयोजित होने वाले विशेष सड़क सुरक्षा अभियान को लेकर विस्तृत योजना बनाई गई, जिसके तहत आमजन को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट के नियमित उपयोग और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस दो दिवसीय अभियान के दौरान बड़े स्तर पर जनसंपर्क गतिविधियां, जागरूकता संदेशों का प्रसार और हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक के दौरान सीओ आकृति पटेल और टीआई राघवेन्द्र सिंह चौहान ने इस पहल की सराहना करते हुए कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए आवश्यक पुलिस बल उपलब्ध कराने और सक्रिय सहयोग देने का पूरा आश्वासन दिया। पुलिस अधिकारियों ने जोर देकर कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने युवाओं के इस प्रयास को समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण कदम बताया। सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई इस बैठक में सलोनी यादव, रुद्र अग्रवाल, गुरलीन कौर, खुशप्रीत कौर, विशेष जायसवाल, विशाल कुमार, मोहम्मद फैजान, वंश सक्सेना, रणतेज सिंह, अमृतपाल सिंह एवं मोहम्मद मुनाफ मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बैठक का समापन सड़क सुरक्षा को एक जनआंदोलन बनाने के लिए पुलिस प्रशासन और युवाओं के संयुक्त प्रयासों के संकल्प के साथ हुआ।