पीलीभीत। जनपद के सुप्रसिद्ध धार्मिक स्थल श्री बालाजी धाम अलीगंज में चल रहे दो दिवसीय चतुर्थ वार्षिकोत्सव का दूसरा दिन मंगलवार को अत्यंत भव्य और श्रद्धामय वातावरण में संपन्न हुआ। वार्षिकोत्सव के दूसरे दिन की शुरुआत प्रातःकाल गौहनिया चौराहे स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर से निकाली गई विशाल ध्वज यात्रा के साथ हुई। विधि-विधान से पूजन के पश्चात बड़ी संख्या में श्रद्धालु जय श्रीराम और जय बालाजी महाराज के जयघोष करते हुए यात्रा में शामिल हुए। विभिन्न मार्गों से होती हुई यह यात्रा जब धाम परिसर पहुंची, तो जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा।
ध्वज यात्रा के धाम पहुंचने के पश्चात विशाल ‘सीताराम रसोई’ का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में आए श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। दोपहर बाद प्रेतराज बाबा को श्रद्धापूर्वक छप्पन भोग अर्पित किए गए, जो भक्तों के आकर्षण का मुख्य केंद्र रहा। शाम को धाम परिसर में भव्य दिव्य दरबार सजाया गया, जहाँ आकर्षक सजावट और रोशनी के बीच भजन-कीर्तन की प्रस्तुतियों ने वातावरण को आध्यात्मिक आनंद से सराबोर कर दिया। भक्तगण भजनों पर भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए।

पूरे आयोजन के दौरान अनुशासन बनाए रखने के लिए मंदिर समिति के पदाधिकारी और स्वयंसेवक निरंतर सक्रिय रहे। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु पेयजल और चिकित्सा सहायता के भी समुचित प्रबंध किए गए थे। श्री बालाजी धाम अलीगंज का यह चतुर्थ वार्षिकोत्सव न केवल आस्था और भक्ति का केंद्र बना, बल्कि इसने क्षेत्र में सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना का भी संचार किया। देर रात तक चले इस उत्सव में हजारों श्रद्धालुओं की सहभागिता ने इसे ऐतिहासिक बना दिया।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)