सितारगंज/शक्तिफार्म।ऊधम सिंह नगर के शक्तिफार्म क्षेत्र अंतर्गत सुरेंद्र नगर गांव में घरेलू कलह ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया। शनिवार शाम पति-पत्नी के बीच हुए मामूली विवाद के बाद 35 वर्षीय विवाहिता ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा हुआ, जिसे पुलिस ने बमुश्किल शांत कराया।
विवाद के बाद उठाया आत्मघाती कदम
जानकारी के अनुसार, दिनेशपुर के पिपलिया गांव निवासी खगेन सरदार की पुत्री रीना का विवाह करीब 14 साल पहले शक्तिफार्म के सुरेंद्र नगर निवासी दिलीप मंडल के साथ हुआ था। दंपति की दो बेटियां (16 और 14 वर्ष) और एक 12 साल का बेटा है। बताया जा रहा है कि शनिवार शाम रीना और दिलीप के बीच किसी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हुई। आवेश में आकर रीना ने कमरे में जाकर फंदा लगा लिया।
अस्पताल में मृत घोषित
परिजनों और पड़ोसियों ने जब रीना को फंदे से लटका देखा, तो हड़कंप मच गया। आनन-फानन में उसे नीचे उतारकर शक्तिफार्म के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुँची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अस्पताल में सुरक्षित रखा हुआ है।
हत्या का आरोप और जमकर बवाल
घटना की सूचना मिलते ही रीना के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुँच गए। मृतिका के भाई मनोज सरदार ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर अपनी बहन रीना मंडल की मृत्यु को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच कर कार्यवाही किए जाने की मांग की है।। वहीं, आरोप प्रत्यारोप के बीच देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि उपजिला अस्पताल परिसर में ही दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया।
इधर, पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर अस्पताल में सुरक्षित रखा हुआ है।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)