सितारगंज (उत्तराखंड)। ऊधमसिंह नगर जिले के सितारगंज से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक सौतेले पिता पर अपनी ही बेटी के साथ दुष्कर्म और छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।
वीडियो बनाकर सालों तक किया शोषण
पीड़िता के अनुसार, साल 2010 में पिता की मौत के बाद उसकी माँ ने दूसरी शादी की थी। आरोप है कि साल 2019 में माँ की मृत्यु के बाद घर में उसे अकेला पाकर सौतेले पिता ने नहाते समय उसका वीडियो बना लिया। इसी वीडियो के दम पर आरोपी उसे ब्लैकमेल कर लगातार अपनी हवस का शिकार बनाता रहा। सामाजिक बदनामी के डर से पीड़िता चुप रही।
शादी के बाद भी नहीं बाज आया आरोपी
पीड़िता ने बताया कि 2021 में उसकी शादी यूपी में हो गई, लेकिन जब भी वह मायके आती, आरोपी उसे परेशान करता। हद तो तब हो गई जब जनवरी 2026 में पीड़िता के पति की मौत हो गई। आरोप है कि पति की मौत के कुछ ही दिनों बाद जब पीड़िता अपने बच्चों के साथ कमरे में थी, तब आरोपी ने फिर से उसके साथ छेड़छाड़ की और अब फोन-मैसेज के जरिए लगातार धमका रहा है।
क्या कहती है पुलिस?
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीओ (CO) बीएस धौनी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की गहनता से विवेचना कर रही है और जल्द ही आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बड़ी खबरें सबसे पहले पाने के लिए हमारे पोर्टल को फॉलो करें।
(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)