रुद्रपुर। विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर गुरुवार, 17 सितंबर 2026 को पुलिस लाइन रुद्रपुर में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अजय गणपति ने विधि-विधान और श्रद्धा के साथ भगवान विश्वकर्मा की पूजा-अर्चना की। इस दौरान पुलिसिंग में इस्तेमाल होने वाले आधुनिक तकनीकी उपकरणों, शस्त्रों, वायरलेस सेट और सरकारी वाहनों का भी पूजन किया गया।

पूजा के दौरान उपकरणों और वाहनों की आरती उतारी गई तथा उनके निर्विघ्न संचालन और जनसेवा के कार्यों में सफलता की कामना की गई।

थानों और पुलिस शाखाओं में भी हुआ पूजन

इसी क्रम में फायर स्टेशन, परिवहन एवं संचार शाखा समेत ऊधम सिंह नगर जिले की विभिन्न पुलिस शाखाओं और सभी थाना-कोतवाली परिसरों में भी भगवान विश्वकर्मा की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। अधिकारियों और पुलिस कर्मचारियों ने मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धाभाव से भगवान विश्वकर्मा का पूजन किया।

पुलिसकर्मियों ने दैनिक कार्यों में इस्तेमाल होने वाले शस्त्रों, औजारों, मशीनों, तकनीकी उपकरणों और अन्य संसाधनों की पूजा कर उनके सुचारु संचालन की कामना की।

श्रम और कौशल के सम्मान का संदेश

इस अवसर पर SSP अजय गणपति ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, कौशल, श्रम और कर्म के प्रतीक हैं। विश्वकर्मा जयंती हुनर और रचनात्मकता का सम्मान करने की प्रेरणा देती है।

उन्होंने कहा कि कारीगर और शिल्पकार अपनी मेहनत, कौशल और समर्पण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। SSP ने समस्त पुलिस बल को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं देते हुए कर्तव्यनिष्ठा और कौशल के साथ समाज की सेवा एवं विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi