उत्तराखंड शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर संस्कृत शिक्षा, जनगणना एवं कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग के सचिव दीपक कुमार ने शुक्रवार को विकास भवन में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति का आकलन करते हुए अधिकारियों को तय समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान कृषि, स्वास्थ्य, पर्यटन, आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री घोषणाओं, साइबर सुरक्षा तथा अन्य विकास योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। सचिव ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने सरकारी कार्यालयों एवं संस्थानों में संस्कृत भाषा में नामपट्ट लगाए जाने, कृषि क्षेत्र में एकीकृत मॉडल विकसित करने तथा पर्यटन परियोजनाओं में तेजी लाकर रोजगार के नए अवसर सृजित करने के निर्देश दिए। साथ ही साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए हेल्पलाइन 1930 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और लोगों को जागरूक करने पर भी जोर दिया।
बैठक में सचिव ने नशीले पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए संबंधित विभागों को सघन निगरानी अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से विभागीय योजनाओं की नियमित समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने को कहा, ताकि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास कार्यों का लाभ आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।