रुद्रपुर। 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर में तीन दिवसीय तृतीय प्रादेशिक अंतरजनपदीय वाहिनी पुलिस कबड्डी क्लस्टर प्रतियोगिता-2026 का शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने खेल टीमों के मार्चपास्ट की सलामी लेकर और फीता काटकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया।

इस प्रतियोगिता में कबड्डी, जिम्नास्टिक, फेंसिंग और खो-खो के मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं। उद्घाटन अवसर पर जिलाधिकारी ने दोनों टीमों के कप्तानों के बीच टॉस कराकर पहले कबड्डी मैच की शुरुआत कराई। प्रतियोगिता का पहला मुकाबला अल्मोड़ा और 46वीं वाहिनी के बीच खेला गया।

खेल आयोजनों से खिलाड़ियों को मिलेगा प्रोत्साहन

जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने प्रतियोगिता की मेजबानी के लिए 31वीं वाहिनी पीएसी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि कबड्डी, जिम्नास्टिक, फेंसिंग और खो-खो जैसे खेलों के आयोजन से पुलिस बल के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। इस तरह की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने और खेल भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

12 टीमें प्रतियोगिता में ले रही हैं भाग

31वीं वाहिनी पीएसी के सेनानायक देवेंद्र पिंचा ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 12 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इनमें 31वीं वाहिनी पीएसी, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चम्पावत, हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़, ऊधमसिंह नगर, आईआरबी प्रथम, आईआरबी द्वितीय, 40वीं वाहिनी पीएसी और 46वीं वाहिनी पीएसी की टीमें शामिल हैं।

तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के खिलाड़ी चार खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन करेंगे।

अधिकारी, खिलाड़ी और जवान रहे मौजूद

प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर उप सेनानायक मनोज कत्याल, सहायक सेनानायक विमल रावत, शिविरपाल राकेश माहरा, ज्योति प्रकाश, खुर्शीद अली, योगेंद्र देव, गोपाल सिंह बिष्ट, दयानंद रजवार, विनोद कपूर और पूरन सिंह बुंगला सहित रेफरी, खिलाड़ी और जवान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 Adhunik Duniya | Owned by Akash Singh | Maintained by Lalit Rastogi