पीलीभीत। ​राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर और प्रदेश में आज से शुरू हुए संचारी रोग अभियान के तहत जनपद पीलीभीत के होम्योपैथिक विभाग के अधीन संचालित विभिन्न राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालयों पर स्वास्थ्य संगोष्ठियों का आयोजन किया गया। इन संगोष्ठियों में आए रोगियों को डेंगू जैसे संचारी रोगों और वर्षा ऋतु में फैलने वाली बीमारियों जैसे हैजा व दस्त आदि से बचाव के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने लोगों को जागरूक करते हुए सलाह दी कि वे अपने आसपास कहीं भी पानी इकट्ठा न होने दें, बिना धोए किसी भी खाद्य पदार्थ का सेवन न करें और खुले में रखी खाने-पीने की चीजों से पूरी तरह परहेज करें।
​इसके साथ ही संगोष्ठियों में उत्तम स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए जीवनशैली में सुधार के महत्वपूर्ण सूत्र भी साझा किए गए। रोगियों को समय पर सोने, सुबह जल्दी उठने, आहार में हरी सब्जियों, फलों व मोटे अनाज को शामिल करने तथा नियमित रूप से व्यायाम और योग करने के लिए प्रेरित किया गया। जनपद के राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय अमरिया, कनाकोर, जहानाबाद, भिखारीपुर, कटैया पंडरी, पचपेड़ा महाराजपुर, लालपुर, शेरपुर, जिला अस्पताल, सिंधौरा खड़गपुर, गजरौला और गोंच सहित अन्य चिकित्सालयों पर आयोजित इन कार्यक्रमों में एक हजार से अधिक रोगियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव शर्मा ने यह जानकारी साझा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 Adhunik Duniya | Owned by Akash Singh | Maintained by Lalit Rastogi