पीलीभीत। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्या श्रीमती पुष्पा पाण्डेय एवं श्रीमती सुनीता सैनी ने बुधवार को जनपद भ्रमण के दौरान गोमती सभागार (विकास भवन) में महिला जनसुनवाई का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत में उपजिलाधिकारी सदर श्रद्धा सिंह एवं उपायुक्त स्वतः रोजगार श्रीमती वन्दना सिंह ने महिला आयोग की सदस्यों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
जनसुनवाई के दौरान घरेलू हिंसा, मारपीट, आपसी विवाद, आवास और मार्ग से संबंधित कुल 17 शिकायतें प्राप्त हुईं। महिला आयोग की सदस्यों ने तत्परता दिखाते हुए 04 मामलों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण कराया, जबकि शेष 13 शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निष्पक्ष स्थलीय जांच कर निस्तारण करने के कड़े निर्देश दिए। इसके साथ ही, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोग की सदस्यों ने ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत एक कॉफी टेबल बुक का भी विमोचन किया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में चौपालों का आयोजन करें।

जनसुनवाई के उपरांत राज्य महिला आयोग की टीम ने जिला कारागार की महिला बैरक का निरीक्षण किया, जहां सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। इसके बाद टीम ने सखी वन स्टॉप सेंटर का आकस्मिक निरीक्षण किया, जहां रोस्टर के अनुसार समस्त स्टाफ उपस्थित मिला और व्यवस्थाएं दुरुस्त पाई गईं।