​पीलीभीत। जनपद के घुंघचाई थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक युवक को रास्ते में घेरकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटने और जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित करने का गंभीर मामला सामने आया है। स्थानीय पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने पर पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) से न्याय की गुहार लगाई, जिनके कड़े आदेश के बाद अब चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना 21 मई 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है, जब घुंघचाई थाना क्षेत्र के ग्राम दिलावरपुर निवासी राकेश कुमार का 18 वर्षीय पुत्र विशाल दुकान से सामान लेकर अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में गांव के ही जागेश्वर (पुत्र झम्मन लाल), राजेंद्र प्रसाद (पुत्र झम्मन), विपिन (पुत्र हरिचंद्र) और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। विशाल की चीख-पुकार और शोर सुनकर जब आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हुए, तब कहीं जाकर बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई जा सकी। आरोप है कि भागते समय आरोपियों ने पीड़ित को जातिसूचक गालियां दीं और दोबारा शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
​पीड़ित के पिता राकेश कुमार के अनुसार, वे घटना के तुरंत बाद शिकायत लेकर थाना घुंघचिहाई पहुंचे थे, लेकिन स्थानीय पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और रिपोर्ट दर्ज करने से मना कर दिया। इसके बाद अगले दिन 22 मई को परिजनों ने घायल विशाल का पूरनपुर के सरकारी अस्पताल में चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल) कराया और अंदरूनी चोटों का पता लगाने के लिए जिला अस्पताल पीलीभीत में एक्स-रे भी करवाया। तमाम साक्ष्य होने के बावजूद जब स्थानीय स्तर पर कोई सुनवाई नहीं हुई, तो पीड़ित पक्ष ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष पेश होकर पूरे मामले की लिखित शिकायत की। एसपी के सख्त निर्देश मिलते ही हरकत में आई घुंघचिहाई थाना पुलिस ने नामजद आरोपी जागेश्वर, राजेंद्र प्रसाद, विपिन तथा एक अन्य अज्ञात के खिलाफ संबंधित सुसंगत धाराओं और एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की वैधानिक जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *