अमरिया PILIBHIT। कस्बा अमरिया निवासी एक युवक द्वारा ईंट भट्ठे पर अपनी मजदूरी के बकाया पैसे मांगना उस वक्त भारी पड़ गया, जब दबंगों ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना रविवार देर शाम की है, जब कस्बा अमरिया निवासी अयान गांव चठिया स्थित एक ईंट भट्ठे पर अपने काम के रुपये लेने गया था। जब वह देर रात तक घर नहीं लौटा, तो परिजनों को लगा कि वह भट्ठे पर ही काम की वजह से रुक गया होगा। हालांकि, रात करीब दो बजे पुलिस ने परिजनों को सूचना दी कि अयान लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती है। घायल युवक की भाभी जमन (पत्नी सुमाईल) का आरोप है कि तौसीफ और उसके परिवार के लोगों ने अयान पर जानलेवा हमला किया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद युवक की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपी तौसीफ और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की सघन जांच शुरू कर दी है।