पीलीभीत। गन्ना कृषक स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पूरनपुर में सोमवार को पुरातन छात्र सम्मान समारोह का गरिमापूर्ण आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्रबंधक नितिन दीक्षित, प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार शर्मा, प्रबंध समिति के सम्मानित सदस्य श्री सत्येंद्र सिंह एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर लगभग 250 पुरातन छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जिससे पूरा परिसर उत्साह और स्मृतियों से सराबोर नजर आया।
​समारोह को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार शर्मा ने पुरातन छात्रों को महाविद्यालय का आधार स्तंभ बताया और उनके उज्ज्वल भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय क्षेत्र में शिक्षा की मशाल जला रहा है और इसे नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए पुरातन छात्रों का सहयोग व सुझाव अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। महाविद्यालय के प्रबंधक श्री नितिन दीक्षित ने सभी आगंतुकों का अभिनंदन करते हुए इस आयोजन को एक उत्कृष्ट परंपरा बताया और आश्वस्त किया कि वह संस्थान की प्रगति के लिए सदैव प्रयासरत हैं।
​कार्यक्रम के दौरान पुरातन छात्रा ऋचा मिश्रा सहित अर्चना, मनीषा, नूरी बुशरा, मयंक मिश्रा, स्वाभिमान सिंह और आयुष मिश्रा ने अपने विचार साझा किए और संस्थान के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। अर्थशास्त्र के वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. वी.के. शर्मा ने छात्रों को नेट, पीएचडी और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में हरसंभव सहायता का भरोसा दिया, वहीं कार्यक्रम की समन्वयक श्रीमती तहमीना शमसी ने छात्रों को उच्च चरित्र और संस्कारों के पथ पर चलने की प्रेरणा दी। डॉ. मृदुला शर्मा ने कविता के माध्यम से और शाहिद खान व डॉ. सौरभ सक्सेना ने अपने संबोधन से छात्रों का मार्गदर्शन किया। अंत में वरिष्ठ प्रवक्ता डॉ. रेखा सिंह ने सभी छात्रों को आशीर्वाद देते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. पिन्दर सिंह द्वारा किया गया।

(आधुनिक दुनिया को सभी स्थानों पर संवाददाताओं की आवश्यकता है। इच्छुक संपर्क करें- 8923815100 व्हाट्अप पर अपना नाम, स्थान, यदि कोई अनुभव है तो उसकी जानकारी और कहां से संवाददाता बनना चाहते हैं उस स्थान का नाम लिखें संपर्क करें। यदि आप पत्रकारिता सीखने के इच्छुक हैं, तो भी संपर्क कर सकते हैं।)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *