आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बरदह थाना क्षेत्र में एक अनियंत्रित कार सड़क पर बने गड्ढे की चपेट में आकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
शादी समारोह में जा रहे थे कार सवार
जानकारी के अनुसार, कार सवार लोग एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार बरदह थाना क्षेत्र के अंतर्गत पहुंची, सड़क पर मौजूद एक गहरे गड्ढे को बचाने के चक्कर में चालक ने नियंत्रण खो दिया। तेज रफ्तार होने के कारण कार सड़क किनारे पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मौके पर मची चीख-पुकार
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हादसे में दो लोगों ने दम तोड़ दिया, जिनकी पहचान की कोशिश की जा रही है। वहीं, एक अन्य युवक की हालत नाजुक होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जौनपुर रेफर कर दिया गया है।
सड़क की बदहाली पर फूटा गुस्सा
स्थानीय निवासियों ने हादसे के लिए सड़क पर मौजूद गड्ढों को जिम्मेदार ठहराया है। लोगों का कहना है कि लंबे समय से सड़क मरम्मत की मांग की जा रही थी, लेकिन अनदेखी के कारण आज दो लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।