पुरोला। बर्फिया लाल जुवाँठा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कुरुड़ा (पुरोला) में वर्षों से रिक्त एवं अपूर्ण विषयों के संचालन तथा महाविद्यालय में एनसीसी (NCC) कोर शुरू करने की मांग को लेकर छात्रसंघ अध्यक्ष गोविन्द सिंह चौहान के नेतृत्व में सोमवार से छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। छात्रों ने शासन से जल्द मांगें पूरी करने की अपील करते हुए चेतावनी दी है कि सकारात्मक कार्यवाही न होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

धरने के दौरान छात्रसंघ अध्यक्ष गोविन्द सिंह चौहान ने कहा कि पुरोला विधानसभा क्षेत्र का यह प्रमुख राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय है, जहां पुरोला, मोरी और नौगांव विकासखंड के सैकड़ों विद्यार्थी अध्ययन करते हैं। इसके बावजूद वर्षों से कई महत्वपूर्ण विषय संचालित नहीं किए जा रहे हैं तथा महाविद्यालय में एनसीसी कोर की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है। इससे विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के साथ-साथ सैन्य सेवाओं, पुलिस एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि स्नातक स्तर पर भूगोल, संस्कृत, गृह विज्ञान और चित्रकला तथा स्नातकोत्तर स्तर पर इतिहास, अर्थशास्त्र, राजनीति विज्ञान और समाजशास्त्र जैसे विषयों का संचालन शुरू किया जाना आवश्यक है। साथ ही महाविद्यालय में एनसीसी कोर की स्थापना की जाए, ताकि क्षेत्र के युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा से जुड़ने का अवसर मिल सके।
छात्रसंघ अध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर एवं दूरस्थ गांवों के अनेक छात्र-छात्राएं बाहर जाकर पढ़ाई करने में सक्षम नहीं हैं। यदि स्थानीय महाविद्यालय में सभी आवश्यक विषय और एनसीसी की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है तो विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा एवं बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
छात्रसंघ अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि जब तक महाविद्यालय में रिक्त एवं अपूर्ण विषयों का संचालन शुरू नहीं किया जाता तथा एनसीसी कोर की स्थापना नहीं होती, तब तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि मांगों की अनदेखी होने पर आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

धरने में छात्रसंघ उपाध्यक्ष सलौनी राठौर, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष रीतिक चुनार, शिवांश रावत, सहदेव चौहान, आयुष कुमार, मोहित कुमार, इरेश चौहान, कुसुम रावत, सोनम, कैलाश, अंशुल विष्ट, सोनिका, रीतिक लौथानी, हेमंत, संगम, पारस सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi