पीलीभीत। सनातन धर्म के यशस्वी धर्माचार्य और ज्योतिष पीठ के जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज का बुधवार को पीलीभीत की पावन धरती पर ऐतिहासिक आगमन होने जा रहा है। पूज्य पाद शंकराचार्य जी के इस जनपद आगमन को लेकर पूरे जिले के सनातन प्रेमियों और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह और हर्ष का माहौल है। पूज्य स्वामी जी का काफिला पूरनपुर से माधोटांडा रोड होते हुए जिला मुख्यालय की ओर प्रवेश करेगा।
इस परम सौभाग्य के अवसर पर हिंदू महासभा पीलीभीत द्वारा जगद्गुरु के भव्य स्वागत की व्यापक तैयारियां की गई हैं। हिंदू महासभा के जिला अध्यक्ष पंकज शर्मा ने बताया कि 1 जुलाई 2026, बुधवार को प्रातः 11:00 बजे हिंदू महासभा के समस्त पदाधिकारी और कार्यकर्ता गौहनिया चौराहे (चिरौंजी लाल इंटर कॉलेज के समीप) पर एकत्र होंगे। यहाँ सनातन धर्म के सर्वोच्च सेनापति जगद्गुरु शंकराचार्य जी महाराज के आगमन पर ढोल-नगाड़ों और मंत्रोच्चार के बीच भव्य पुष्प वर्षा कर उनका नागरिक अभिनंदन और स्वागत किया जाएगा।
हिंदू महासभा के जिला अध्यक्ष पंकज शर्मा ने समस्त सनातन प्रेमियों, धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं, प्रबुद्ध जनों और जिला व नगर वासियों से सादर आग्रह किया है कि वे बुधवार को अधिक से अधिक संख्या में गौहनिया चौराहे पर उपस्थित हों। उन्होंने कहा कि “जहाँ संतों का आगमन होता है, वहाँ धर्म, संस्कृति और सद्भाव का प्रकाश स्वतः फैलता है।” यह पीलीभीत के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है, इसलिए सभी नागरिक इस ऐतिहासिक अवसर पर पहुँचकर पूज्य स्वामी जी के पावन सान्निध्य का दर्शन करें और उनके दिव्य आशीर्वचन का लाभ प्राप्त कर अपना जीवन कृतार्थ करें।