पीलीभीत। लौह पुरुष एवं भारत रत्न देश के प्रथम गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर बीसलपुर स्थित सरदार पटेल पार्क में एकता और अखंडता का संदेश गूंजा। क्रांतिकारी विचार मंच उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने राष्ट्रहित में उनके योगदान को याद करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपस्थित लोगों द्वारा सरदार पटेल के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ हुआ। सभी ने देश की एकता एवं अखंडता के लिए उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता किसान नेता एवं क्रांतिकारी विचार मंच उत्तर प्रदेश के प्रांतीय संरक्षक देवस्वरूप पटेल ने कहा कि देशभर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें याद किया जा रहा है। यह हम सभी के लिए गर्व की बात है कि सरदार पटेल ने देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकीकरण के लिए अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित में समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और राष्ट्रवादी सोच ने ही 562 रियासतों को एक भारत में समाहित किया। आज के युवाओं को उनके त्याग, संघर्ष और नेतृत्व से सीख लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। एकता के बिना अखंड भारत की कल्पना अधूरी है, जिसे सरदार पटेल ने साकार किया। इस अवसर पर मंच के पदाधिकारियों व स्थानीय लोगों ने सरदार पटेल के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।