पीलीभीत। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, पीलीभीत के एमबीबीएस 2025 बैच के विद्यार्थियों ने प्रथम प्रोफेशनल एमबीबीएस परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया है। परीक्षा परिणाम में छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए महाविद्यालय की टॉपर सूची के पहले चारों स्थानों पर कब्जा जमाया। इस उपलब्धि से महाविद्यालय में खुशी का माहौल है।

परीक्षा परिणाम के अनुसार, खुशबू चौधरी ने 659 अंक यानी 73.22 प्रतिशत प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। मिमांसा त्यागी 656 अंक (72.89 प्रतिशत) के साथ दूसरे, प्रियांशा भारद्वाज 654 अंक (72.67 प्रतिशत) के साथ तीसरे और दिव्या मिश्रा 653 अंक (72.56 प्रतिशत) प्राप्त कर चौथे स्थान पर रहीं।

एनाटॉमी में छह विद्यार्थियों ने हासिल किया डिस्टिंक्शन

परीक्षा में एनाटॉमी विषय में भी विद्यार्थियों का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। उपलब्ध परिणाम के अनुसार, इस विषय में छह विद्यार्थियों ने डिस्टिंक्शन प्राप्त किया। गौरी ने 77.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। दिव्या, निष्ठा और ममता ने 76.67 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, वंश ने 76 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा और भक्ति ने 75 प्रतिशत अंकों के साथ चौथा स्थान हासिल किया।

प्राचार्य और शिक्षकों ने दी बधाई

विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमित कुमार और उपप्राचार्य डॉ. अरुण सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

एनाटॉमी विभागाध्यक्ष डॉ. अर्चना सिंह, फिजियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. श्रेयशी वक्स और बायोकेमिस्ट्री विभागाध्यक्ष डॉ. शिखा सक्सेना सहित महाविद्यालय के समस्त संकाय सदस्यों और कर्मचारियों ने भी विद्यार्थियों की सफलता की सराहना की।

महाविद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि विद्यार्थी आगे भी इसी तरह मेहनत और लगन के साथ चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्थान का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 Adhunik Duniya | Owned by Akash Singh | Maintained by Lalit Rastogi