​पीलीभीत। पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बीसलपुर पुलिस ने पति की षड्यंत्रपूर्वक हत्या करने वाली पत्नी और उसके साथी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
​प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादी ब्रजगोपाल द्वारा दी गई सूचना के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि 18 जुलाई 2026 को जब वे अपने भाई (मृतक) रमाकान्त के साथ बरेली से मजदूरी कर घर लौटे, तो घर पर रमाकान्त की पत्नी रेनू मिश्रा के साथ शाहजहाँपुर निवासी शिवम शुक्ला मौजूद था। रमाकान्त द्वारा इस बात का विरोध करने पर रेनू मिश्रा और शिवम शुक्ला ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। आरोप है कि रेनू मिश्रा ने पति रमाकान्त को चाय में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें पहले सीएचसी बीसलपुर और फिर गंभीर स्थिति के कारण जिला अस्पताल पीलीभीत रेफर किया गया, जहाँ इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
​घटना के संदर्भ में थाना बीसलपुर पर मु0अ0सं0 354/26 धारा 61(2)/103(1) BNS के तहत मामला पंजीकृत किया गया था। बीसलपुर पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए 20 जुलाई 2026 को स्मार्ट सिटी के पास बनी पुलिया से वांछित अभियुक्तों—रेनू मिश्रा (पत्नी मृतक रमाकान्त, निवासी एकतानगर कालोनी, बीसलपुर) और शिवम शुक्ला (पुत्र नागेश शुक्ला, निवासी शाहजहाँपुर)—को धर दबोचा। प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार शुक्ला के नेतृत्व वाली पुलिस टीम (जिसमें कांस्टेबल रवि कुमार, परमजीत, महिला कांस्टेबल अल्का राणा एवं चंचल भाट्टी शामिल रहे) ने अभियुक्तों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi