​पीलीभीत। जनपद के बिलसंडा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम परेवा में मंगलवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ शादी के महज दो महीने के भीतर ही एक 20 वर्षीय नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।
​पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, जनपद शाहजहांपुर के थाना बांदा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कल्याणपुर भारती निवासी राजेंद्र प्रताप पुत्र राम अवतार ने बिलसंडा थाने पहुँचकर लिखित सूचना दी। उन्होंने बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री उर्मिला देवी (उम्र करीब 20 वर्ष) का विवाह बीते दो महीने पहले ही 1 मई 2026 को बिलसंडा के ग्राम परेवा निवासी संजय राठौर पुत्र रामकिशन के साथ हिंदू रीति-रिवाज से संपन्न कराया था। शादी के बाद सब कुछ सामान्य चल रहा था, लेकिन आज मंगलवार को अचानक उर्मिला की मौत की खबर सामने आई।
​मृतका के पिता राजेंद्र प्रताप ने बताया कि आज (30 जून) उर्मिला के पति संजय राठौर ने उन्हें फोन करके अत्यंत स्तब्ध करने वाली सूचना दी कि उनकी बेटी खत्म हो गई है। बेटी की मौत की खबर सुनते ही पैरों तले जमीन खिसक गई और परिजन तत्काल बिलसंडा के लिए रवाना हुए। पीड़ित पिता ने थाने में रोते हुए पुलिस को अवगत कराया कि उनकी बेटी का शव इस वक्त उसकी ससुराल में ही रखा हुआ है। पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर मामले को संज्ञान में लेते हुए शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi