​पीलीभीत। जनपद के ‘न्यू लाइफ नशा मुक्ति केंद्र’ के संचालक एवं काउंसलर शीराज मलिक ने राष्ट्रीय स्तर पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर पीलीभीत का गौरव बढ़ाया है। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत एनआईएसडी और एनसीडीएपी द्वारा ‘अंतर्राष्ट्रीय मादक पदार्थ दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस-2026’ के विशेष अवसर पर एक राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में शीराज मलिक ने अपनी योग्यता और उत्कृष्ट ज्ञान का परिचय देते हुए पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
​इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश भर के विभिन्न आईआरसीए , डीडीएसी और जीआईए संस्थानों से जुड़े काउंसलर्स, मनोवैज्ञानिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था। कई कड़े चरणों में आयोजित हुई इस प्रतियोगिता के दौरान सभी प्रतिभागियों का नशा मुक्ति, मानसिक स्वास्थ्य, परामर्श तकनीकों और पुनर्वास से जुड़े गंभीर व व्यावहारिक विषयों पर गहन मूल्यांकन किया गया। इन सभी चरणों में न्यू लाइफ नशा मुक्ति केंद्र के संचालक शीराज मलिक ने अपनी विशेषज्ञता के दम पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया।
​इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शीराज मलिक ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, एनआईएसडी और एनसीडीएपी के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रीय सम्मान न्यू लाइफ नशा मुक्ति केंद्र की पूरी टीम, उनके सहयोगियों और शुभचिंतकों के निरंतर सहयोग का ही सुखद परिणाम है। इसके साथ ही उन्होंने संकल्प दोहराया कि यह सफलता उन्हें भविष्य में समाज को नशे की कुरीति से बचाने और प्रधानमंत्री के “नशा मुक्त भारत” अभियान में और अधिक समर्पण व ऊर्जा के साथ कार्य करने की नई प्रेरणा देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi