सितारगंज। ऊर्जा निगम और सतर्कता दल की संयुक्त टीम ने बुधवार को बिजली चोरी के खिलाफ चलाए गए सघन चेकिंग अभियान में 10 लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा। कार्रवाई के दौरान टीम ने चोरी में इस्तेमाल किए जा रहे केबल भी कब्जे में लेकर सील कर दिए।
जानकारी के अनुसार, अभियान के दौरान गांव कौंधारतन, बलीनगर निवासी सुरजीत कौर, गौठा निवासी अनिल कुमार, बालेश्वर, विरजानंद और जरनैल सिंह, चिंतिमझरा वार्ड निवासी अभय गुप्ता, वार्ड नंबर-2 निवासी रफीक अहमद, सफीक हुसैन और शाहिद हुसैन तथा वार्ड नंबर-6 निवासी नरेंद्र कुमार गुप्ता को अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते हुए पकड़ा गया।
ऊर्जा निगम के अधिकारियों ने मौके पर बिजली चोरी में प्रयुक्त केबल जब्त कर उन्हें सील कर दिया। मामले में जूनियर इंजीनियर महेंद्र सिंह की ओर से सभी आरोपित उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
अभियान में सतर्कता दल के सहायक अभियंता अमित चंद्र आर्य तथा लाइनकर्मी सुरेंद्र पाल समेत विभागीय कर्मचारी मौजूद रहे। ऊर्जा निगम ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।