सितारगंज। नीट, यूजीसी-नेट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने के मामले को लेकर कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार का पुतला दहन किया। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
बुधवार को नगर के मुख्य चौराहे पर नगर अध्यक्ष सरताज अहमद के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार का पुतला दहन किया।
इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि देश का युवा वर्ग निराश, हताश और आक्रोशित है। देश में लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षा घोटालों ने लाखों अभ्यर्थियों का मनोबल तोड़ दिया है। उन्होंने कि नीट, यूजीसी-नेट सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के कभी पेपर लीक होने, कभी परीक्षा रद्द होने और कभी परिणामों पर सवाल उठने से परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता समाप्त हो गई है।
आरोप लगाया कि सरकार, वर्षों की मेहनत और परिवारों की जमा-पूंजी दांव पर लगाने वाले युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है।
सवाल उठाया कि क्या सरकार पेपर माफियाओं के सामने बेबस है? क्या युवाओं के भविष्य की कोई कीमत नहीं है? आरोप लगाया कि पहले ही सरकारी नौकरियों के अवसर लगातार कम हो रहे हैं। जो अवसर उपलब्ध हैं, उनमें भ्रष्टाचार और पेपर लीक का जाल फैला हुआ है।
कांग्रेसियों ने मांग की कि सभी पेपर लीक मामलों की सर्वोच्च स्तर पर निष्पक्ष जांच कराई जाए। पेपर लीक नेटवर्क से जुड़े प्रभावशाली लोगों की पहचान सार्वजनिक की जाए तथा परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
वहीं, पूर्व विधायक नारायण पाल ने कहा कि वह युवाओं के संघर्ष में उनके साथ खड़े है। उनके अधिकारों और भविष्य की रक्षा के लिए वह सड़क पर आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने केंद्र सरकार से प्रभावित युवाओं को आर्थिक एवं मानसिक क्षति के लिए राहत प्रदान करने और परीक्षा सुरक्षा एवं पेपर लीक रोकने के लिए कडे़ कानून बनाने की मांग उठाई है। संवाद
वहां प्रदेश सचिव नवतेज पाल सिंह, पूर्व दर्जामंत्री बलवंत सिंह बोरा, करन जंग, हरपाल सिंह, रणजीत सिंह राणा, उत्तम आचार्य, सरताज अहमद, जिलानी अंसारी, सुमिंदर यादव, सपना ओझा, भगवान पांडे, सावित्री मंडल, अमित सरकार, श्रीकांत, शकील अंसारी सहित अन्य लोगों पर उपस्थित रहें।

Site designed and maintained by Lalit Rastogi