बरेली। थाना मीरगंज पुलिस ने बस में स्वयं तोड़फोड़ और फायरिंग कर विरोधी पक्ष को झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने रंजिश के चलते बस में खुद ही तोड़फोड़ की और फायरिंग कर घटना को विरोधी पक्ष द्वारा अंजाम दिया गया दिखाने का प्रयास किया, ताकि झूठी क्रॉस एफआईआर दर्ज कराई जा सके।
मामले की गंभीरता से जांच करते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त सामग्री भी बरामद की गई है।
पुलिस का कहना है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। कानून का दुरुपयोग कर झूठे मुकदमे दर्ज कराने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
क्षेत्राधिकारी मीरगंज अजय कुमार ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने जांच के दौरान साजिश का भंडाफोड़ किया और दोषियों को गिरफ्तार कर लिया है।