अमरिया PILIBHIT। अमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित पौटा डाम के निकट बुधवार देर रात लगभग 11 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक द्वारा नहर के पुल से छलांग लगाने की गंभीर आशंका व्यक्त की गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नहर में युवक की गहन तलाश शुरू कराई, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका।

थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के ग्राम भंगा मोहम्मद गंज निवासी अरविंद कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उनका छोटा भाई ओम शंकर उर्फ आकाश रुद्रपुर में मजदूरी का काम करता है। बुधवार देर रात ओम शंकर ने अपने भाई को फोन कर बताया कि वह पौटा डाम पर मौजूद है और नहर में कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त करने जा रहा है, इसलिए कोई भी उसकी तलाश करने की कोशिश न करे।


​भाई के फोन के बाद घबराए परिजन आनन-फानन में पौटा डाम पहुंचे, जहाँ पुल के पास ओम शंकर के जूते रखे मिले। जूते मिलने के बाद परिजनों व ग्रामीणों द्वारा युवक के नहर में कूदने की आशंका और गहरा गई। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, युवक ओम शंकर का अपने ही गांव की एक किशोरी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था और वह कुछ समय पूर्व किशोरी को लेकर कहीं फरार हो गया था।

इस मामले में किशोरी के परिजनों ने युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। आशंका जताई जा रही है कि इसी कानूनी कार्रवाई और मानसिक तनाव के चलते युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया है। फिलहाल पुलिस गोताखोरों और स्थानीय तंत्र की मदद से नहर में युवक की खोजबीन में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi