​पूरनपुर (पीलीभीत)। क्षेत्र में मौसम के बदले मिजाज के बीच बुधवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां अचानक हुई बारिश से बचने के लिए पेड़ के नीचे बैठे दो लोग आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। इस दैवीय आपदा में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। घटना की सूचना मिलते ही गांव और प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया।
​मिली जानकारी के अनुसार, तहसील क्षेत्र के ग्राम बख्तापुर शिवपुरिया निवासी दो ग्रामीण अचानक शुरू हुई तेज वर्षा से बचने के लिए पास ही स्थित एक पेड़ के नीचे रुक गए थे। इसी दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ पर आ गिरी, जिसकी जद में आकर दोनों बुरी तरह झुलस गए। आनन-फानन में स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पूरनपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने बख्तापुर शिवपुरिया निवासी 60 वर्षीय गंगाराम को मृत घोषित कर दिया।
​वहीं, हादसे में गंभीर रूप से झुलसे दूसरे ग्रामीण, 50 वर्षीय गयादीन (निवासी बख्तापुर शिवपुरिया) की नाजुक हालत को देखते हुए सीएचसी के डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद तत्काल जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय भाजपा विधायक बाबूराम पासवान और प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों को ढाढस बंधाया और नियमानुसार दैवीय आपदा राहत कोष से आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © 2026 Adhunik Duniya | Owned by Akash Singh | Maintained by Lalit Rastogi