पीलीभीत। साइबर अपराधों के बढ़ते खतरे के बीच विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी से बचाने और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बल्लभनगर कॉलोनी स्थित लॉर्ड कृष्णा स्कूल में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की ओर से साइबर सुरक्षा कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें एसएसबी अधिकारियों ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, डिजिटल गिरफ्तारी, हनी ट्रैप, फर्जी लॉटरी और संदिग्ध लिंक के जरिए होने वाले साइबर अपराधों की जानकारी दी। साथ ही, इनसे बचने के लिए सतर्कता बरतने की सलाह दी।
साइबर अपराधियों के तरीकों की दी जानकारी
कार्यशाला में उप कमांडेंट के. रमण राजू, निरीक्षक अमित शर्मा, प्रधान आरक्षक सोनू कुमार शुक्ला, अश्विंदर सिंह और सोनपाल सिंह ने विद्यार्थियों को साइबर अपराधियों के काम करने के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया।
अधिकारियों ने समझाया कि साइबर अपराधी अनजान नंबरों से वीडियो कॉल कर लोगों को अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं। कई मामलों में तस्वीरों और वीडियो का दुरुपयोग कर लोगों को ब्लैकमेल किया जाता है। बदनामी के डर से लोग उनकी धमकियों में आकर पैसे देने को मजबूर हो जाते हैं। ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय अपने अभिभावकों या किसी विश्वसनीय बड़े व्यक्ति को तुरंत जानकारी देनी चाहिए।
डिजिटल गिरफ्तारी और फर्जी लिंक से रहें सावधान
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल गिरफ्तारी के नाम पर साइबर ठग वीडियो कॉल के जरिए गिरफ्तारी का डर दिखाकर लोगों से पैसे ऐंठने की कोशिश करते हैं। विद्यार्थियों को सलाह दी गई कि वे अनजान वीडियो कॉल से सावधान रहें और किसी भी अपरिचित व्यक्ति के साथ ओटीपी, आधार या बैंक खाते से जुड़ी जानकारी साझा न करें।
इसके अलावा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनजान एपीके फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल करने तथा फर्जी लॉटरी और इनाम के लालच में आने से बचने की अपील की गई। अधिकारियों ने मजबूत और अलग-अलग पासवर्ड बनाने, सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करने तथा किसी अनजान ऐप या वेबसाइट का इस्तेमाल करने से पहले अभिभावकों या शिक्षकों का मार्गदर्शन लेने पर भी जोर दिया।
धोखाधड़ी होने पर 1930 पर करें शिकायत
अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराधी लगातार ठगी के नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे में जागरूकता और सतर्कता ही बचाव का प्रभावी माध्यम है। यदि ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी होती है, तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करनी चाहिए।
एसएसबी अधिकारियों को किया सम्मानित
कार्यशाला के अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक सनी दीक्षित और प्रधानाचार्या श्रीमती रोज़ी दीक्षित ने एसएसबी अधिकारियों को पुष्पगुच्छ एवं श्रीमद्भगवद्गीता भेंट कर सम्मानित किया।
प्रधानाचार्या रोज़ी दीक्षित ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में विद्यार्थियों के लिए साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक होना बेहद जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीक का सुरक्षित और जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल करने तथा किसी भी संदिग्ध घटना की जानकारी बिना भय के अपने अभिभावकों और शिक्षकों को देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी देने के लिए एसएसबी अधिकारियों का आभार भी व्यक्त किया।