पीलीभीत। जनपद में आगामी त्योहारों दुर्गा पूजा, दशहरा एवं वाल्मीकि जयंती को शांतिपूर्ण, सुरक्षित तथा सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से गांधी सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम समय से पूर्ण करने के कड़े निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारियों (एसडीएम) और क्षेत्राधिकारियों (सीओ) से मेला स्थलों, जुलूस मार्गों एवं मूर्ति विसर्जन स्थलों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने विद्युत विभाग को ढीले तारों को दुरुस्त कर त्योहारों के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने, खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावटखोरी पर रोक लगाने हेतु जांच अभियान चलाने तथा प्रमुख मेला स्थलों पर स्वास्थ्य शिविर व एंबुलेंस तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही, अग्निशमन विभाग को सुरक्षा मानकों की जांच के उपरांत ही एनओसी जारी करने का स्पष्ट आदेश दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सुर्कीति माधव ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विसर्जन स्थलों व घाटों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग की जाए तथा सुरक्षा की दृष्टि से नावों एवं गोताखोरों की व्यवस्था समय से सुनिश्चित की जाए। इसके अतिरिक्त अवैध आतिशबाजी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने और पटाखों के भंडारण स्थलों पर निर्धारित मानकों का कड़ाई से अनुपालन कराने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक दोनों ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने की ताकीद की। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) प्रसून द्विवेदी, सिटी मजिस्ट्रेट प्यारे लाल मौर्य, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला विकास अधिकारी, समस्त एसडीएम, सीओ व अधिशासी अभियंता विद्युत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।