​पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बनारस के बड़ा लालपुर स्थित हस्तकला संकुल (ट्रेड फैसिलिटेशन सेंटर) से ‘मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना’ का भव्य शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण पीलीभीत के गांधी स्टेडियम स्थित प्रेक्षागृह में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से जिले भर के शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को दिखाया गया। कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. दलजीत कौर, बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य, ललौरी खेड़ा ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह गंगवार, डीआईओएस विजय सिंह यादव और बीएसए रोशनी सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए।


​सजीव प्रसारण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि जब शिक्षक और उनका परिवार स्वस्थ रहेगा, तभी वे बच्चों को बेहतर शिक्षा दे सकेंगे। इस ऐतिहासिक पहल की सराहना करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. दलजीत कौर ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहली बार ऐसी योजना लागू हो रही है, जिससे शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को सीधा लाभ मिलेगा। विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने इसे मुख्यमंत्री की दूरगामी सोच का सकारात्मक परिणाम बताया। वहीं, जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे प्रत्येक छात्र को ‘निपुण’ बनाएं, उनमें देशप्रेम की भावना जागृत करें और ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत हर बच्चे को बुनियादी शिक्षा से जोड़ें। कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा शिक्षकों को सांकेतिक डेमो कार्ड देकर सम्मानित किया गया। जिले के 3718 शिक्षकों, 569 अनुदेशकों, 1512 शिक्षामित्रों और 4203 रसोइयों को इस कैशलेस योजना का लाभ मिलेगा।


​इसके साथ ही, प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से एक बटन दबाकर जिले के 1 लाख 31 हजार 380 परिषदीय छात्र-छात्राओं के अभिभावकों के खातों में जूता, मोजा, स्कूल बैग, यूनिफॉर्म और स्वेटर के लिए ₹1200 की धनराशि हस्तांतरित की गई। कार्यक्रम का एक मुख्य आकर्षण पीलीभीत के प्राथमिक स्कूल चोखापुरी के प्रधानाध्यापक मुनीष कुमार पाठक का सम्मान रहा, जिन्हें मुख्यमंत्री ने बनारस में ‘स्वच्छ एवं हरित विद्यालय पुरस्कार’ से नवाजा। चोखापुरी स्कूल ने राष्ट्रीय स्तर पर 25वीं और राज्य स्तर पर दूसरी रैंक हासिल की है। जैसे ही स्क्रीन पर उन्हें सम्मानित होते देखा गया, पूरा प्रेक्षागृह तालियों से गूंज उठा। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रोशनी सिंह ने इसे जिले के लिए गौरव का क्षण बताते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। विशेष बात यह रही कि बारिश के कारण रंगोली टीम ने रंगों की जगह फूलों से बेहद खूबसूरत रंगोली बनाई, जिसकी सभी ने प्रशंसा की। कार्यक्रम का सफल संचालन एसआरजी वैभव जैसवार ने किया और इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार सिंह, जिला समन्वयक राकेश पटेल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक व अनुदेशक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Site designed and maintained by Lalit Rastogi