पीलीभीत। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप और पुलिस महानिदेशक के मार्गदर्शन में, निदेशक/अपर पुलिस महानिदेशक (यातायात एवं सड़क सुरक्षा, उत्तर प्रदेश) द्वारा दिए गए निर्देशों के क्रम में जनपद पीलीभीत में एक बड़ा सड़क सुरक्षा अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक पीलीभीत के कुशल नेतृत्व में जन एवं सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से “नशे की हालत में वाहन चलाये जाने” (ड्रंकन ड्राइविंग) के खिलाफ यह विशेष चेकिंग अभियान आयोजित किया गया।
इस विशेष अभियान के अंतर्गत रविवार की देर रात को जनपद के थाना बीसलपुर और थाना गजरौला क्षेत्र में स्थित दो टोल प्लाजा पर सघन चेकिंग की गई। क्षेत्राधिकारी यातायात आकृति पटेल एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने मिलकर इन दोनों चिन्हित टोल प्लाजा पर आने-जाने वाले वाहनों की कड़ाई से जांच की। अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों के खिलाफ बेहद सख्त और प्रभावी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई।
यातायात पुलिस द्वारा की गई इस दो दिवसीय कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 81वाहन चालकों के चालान काटे गए और उन पर कुल ₹ तीन लाख चौसठ हजार रुपये का भारी जुर्माना अधिरोपित किया गया। इसके साथ ही गंभीर लापरवाही बरतने पर 01 वाहन को मौके पर ही सीज भी किया गया। पीलीभीत पुलिस प्रशासन का कहना है कि सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और आमजन को सुरक्षित रखने के लिए सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के पालन हेतु यह अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा।